हरदोई। प्रदेश सरकार के समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं जिले के प्रभारी मंत्री असीम अरुण ने कहा कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए हर नागरिक का हुनरमंद होना जरूरी है। वह सांडी के गुर्रा गांव स्थित नेहरू उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित “एक राष्ट्र, एक चुनाव” एवं शैक्षिक उन्नयन विषयक गोष्ठी में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि जब नागरिक अपने कार्य के प्रति सजग होंगे और अपने कौशल को निखारेंगे, तभी भारत विश्व मंच पर मजबूत स्थिति में खड़ा हो सकेगा।

मंत्री असीम अरुण ने अपने संबोधन में बार-बार होने वाले चुनावों पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लंबे शासनकाल के दौरान देश में हर साल लगभग चार महीने चुनाव में ही व्यतीत हो जाते थे। इससे विकास कार्यों की गति बाधित होती रही है। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की अध्यक्षता में गठित कमेटी की सिफारिश का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि सभी चुनाव छह महीने में पूरे हो जाएं, तो शेष साढ़े चार वर्षों तक बिना व्यवधान के विकास कार्य हो सकते हैं।

कार्यक्रम के दौरान उन्होंने विद्यालय के छह मेधावी छात्रों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन ने भी अपने संबोधन में कहा कि बार-बार होने वाले चुनाव सिर्फ संसाधनों की बर्बादी नहीं हैं, बल्कि यह विकास के मार्ग में रुकावट भी पैदा करते हैं। उन्होंने शिक्षा और चुनाव सुधार दोनों को देश के भविष्य के लिए अहम बताया। भारत रक्षा मंच के संगठन मंत्री आशीष शुक्ला, ब्लॉक प्रमुख अनिल वर्मा, त्रिपुरेश मिश्रा आदि ने भी अपने विचार रखे।

गोष्ठी में जिला विद्यालय निरीक्षक बालमुकुंद प्रसाद, माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष राजीव मिश्रा, धीरेंद्र सिंह सेनानी, अनिल राजपूत, त्रिपुरेश मिश्रा, कुशी बाजपेई, नेहरू हायर सेकंडरी स्कूल के प्रबंधक संजेश तिवारी, रजनीश त्रिपाठी, प्रवक्ता विनय मिश्रा, मदनेश द्विवेदी, प्रदीप मिश्रा, व देवेश त्रिपाठी, विमलेश शुक्ल, प्रभात द्विवेदी, शैलेन्द्र द्विवेदी, मनोज द्विवेदी, ब्रिज मोहन द्विवेदी, सरिता तिवारी, प्रांशी तिवारी, अरुणेश द्विवेदी, सत्यम तिवारी, यदुनेश द्विवेदी, अमरीश त्रिपाठी, कृष त्रिपाठी, पारस शुक्ला, सुब्रत शुक्ला सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रवक्ता अवनीश कुमार मिश्रा ने किया।स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत किया और मंत्री द्वारा दिए गए संदेश को प्रेरणादायक बताया।



